वृंदावन की गौरा नगर कॉलोनी में एक 29 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बुधवार देर रात अतुल नामक युवक घर के अंदर फंदे पर लटका मिला। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। मृतक अपने पीछे पांच साल की मासूम बेटी और पत्नी को छोड़ गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला वृंदावन की गौरा नगर कॉलोनी का है। जानकारी के मुताबिक, ओमप्रकाश के 29 वर्षीय बेटे अतुल की बुधवार देर रात घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को सौ शैय्या अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अतुल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पांच साल की मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया, वहीं पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। युवक की मौत के कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।