Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 13 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मिशन शक्ति से फिर बसा परिवार, छाता पुलिस की काउंसलिंग से दूर हुए पति-पत्नी के गिले-शिकवे

मथुरा। उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत मथुरा पुलिस परिवारों के बीच विवादों को सुलझाने और महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में थाना छाता पुलिस ने काउंसलिंग के माध्यम से एक वैवाहिक विवाद को सुलझाने में सफलता हासिल की। पुलिस की समझाइश के बाद पति-पत्नी आपसी गिले-शिकवे भुलाकर फिर से साथ रहने को तैयार हो गए।

जानकारी के अनुसार, थाना छाता क्षेत्र के गांव जलालपुर निवासी एक महिला ने अपने पति के खिलाफ शिकायत देते हुए मारपीट, गाली-गलौज और शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत में बताए गए तथ्यों की जांच की।

जांच के दौरान सामने आया कि पति-पत्नी के बीच पारिवारिक मामले को लेकर गलतफहमी और कहासुनी हुई थी, जिसके कारण विवाद बढ़ गया। इसके बाद दोनों पक्षों को थाना छाता स्थित मिशन शक्ति हेल्पडेस्क पर बुलाया गया।

यहां पुलिस टीम और परामर्शदाताओं ने दोनों पक्षों की बात सुनी और आपसी संवाद के माध्यम से विवाद को सुलझाने का प्रयास किया। काउंसलिंग के दौरान दोनों को वैवाहिक जीवन में आपसी समझ, संवाद और सामंजस्य के महत्व के बारे में समझाया गया।

पुलिस की इस पहल के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई। महिला अपनी स्वेच्छा से पति के साथ रहने के लिए तैयार हो गई और पति के साथ अपनी ससुराल चली गई।

मथुरा पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के साथ-साथ पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए भी संवेदनशीलता के साथ प्रयास किए जा रहे हैं। थाना छाता पुलिस की इस पहल से एक परिवार को फिर से साथ रहने का अवसर मिला।

Previous News

मिशन शक्ति की पहल से फिर बसा परिवार, मथुरा पुलिस की काउंसलिंग से दूर हुए पति-पत्नी के गिले-शिकवे

Next News

अयोध्या में त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट मोड में, सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा के लिए अयोध्या-अमेठी पुलिस की संयुक्त बैठक