हाथरस के सासनी में आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। समामई स्थित पेट्रोल पंप के सामने बीएलएस स्कूल की बस और कंटेनर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चालक, परिचालक और शिक्षण स्टाफ समेत कुल 15 लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, स्कूल बस अलीगढ़ से स्टाफ और बच्चों को लेकर हाथरस की ओर आ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे कंटेनर से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। सभी घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। गंभीर रूप से घायल चालक और परिचालक समेत छह लोगों को बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया।
हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
फिलहाल हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।