मथुरा में कुशल श्रमिकों को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से श्रम बंधु होम केयर सर्विसेज का भव्य शुभारंभ किया गया। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर, कारपेंटर, पेंटर और राजमिस्त्री सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाले कुशल श्रमिकों को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की पहल की गई है। कंपनी का लक्ष्य श्रमिकों को सीधे ग्राहकों से जोड़ना है, ताकि उन्हें अपने हुनर के अनुसार काम मिल सके और उनकी आमदनी के अवसर बढ़ें।
कंपनी के अनुसार, इस प्लेटफॉर्म पर श्रमिकों का पंजीकरण निःशुल्क किया जाएगा। इसके जरिए घरेलू सेवाओं को अधिक व्यवस्थित और भरोसेमंद बनाने के साथ ग्राहकों को जरूरत के अनुसार कुशल कारीगर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इस पहल से स्थानीय श्रमिकों को अपने कौशल का उपयोग कर रोजगार पाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
शुभारंभ कार्यक्रम में श्रम बंधु होम केयर सर्विसेज के संस्थापक एवं सीईओ पवन कुमार यादव, बिजनेस डायरेक्टर लोकेश ठाकुर और बिजनेस हेड दिनेश कुमार मौजूद रहे। इस दौरान कंपनी के उद्देश्यों और श्रमिकों को रोजगार से जोड़ने की योजना के बारे में जानकारी दी गई।
संस्थापक एवं सीईओ पवन कुमार यादव ने बताया कि उनका उद्देश्य हुनरमंद श्रमिकों को काम के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें सम्मानजनक कमाई का माध्यम देना है, ताकि उन्हें रोजगार की तलाश में इधर-उधर भटकना न पड़े। श्रम बंधु होम केयर सर्विसेज की शुरुआत को मथुरा में श्रमिकों के लिए रोजगार के नए रास्ते खोलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
मथुरा की व्यापार, रोजगार और विकास से जुड़ी ऐसी ही खबरों के लिए जुड़े रहें