Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 11 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
कोसीकलां में धूमधाम से मनी महाराजा अग्रसेन जयंती, प्रभात फेरी और मंगल कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

मथुरा के कोसीकलां में महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। श्री अग्रवाल सभा के तत्वावधान में प्रभात फेरी, ध्वजारोहण, महाराजा अग्रसेन पूजन और भव्य मंगल कलश यात्रा सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। महाराजा अग्रसेन के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह प्रभात फेरी के साथ हुआ, जिसमें अग्रवाल समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रभात फेरी अग्रवाल धर्मशाला पहुंचकर संपन्न हुई। इसके बाद अग्रसेन चौक पर श्री अग्रवाल सभा के अध्यक्ष संजीव जाविया ने ध्वजारोहण किया। मुख्य अतिथि लाला त्रिलोकचंद शेरगढ़िया, सोनू गोयल और नीरज गोयल ने महाराजा अग्रसेन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत पूजन किया। इससे पहले मोरमुकुट शास्त्री ने श्रद्धालुओं को सत्यनारायण कथा का श्रवण कराया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल और पूर्व चेयरमैन रोशनलाल सौखिया ने महाराजा अग्रसेन के आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए सामाजिक एकता, सेवा, समानता और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने महाराजा अग्रसेन के प्रसिद्ध ‘एक रुपया-एक ईंट’ सिद्धांत को सामाजिक सहयोग और आत्मनिर्भरता की प्रेरणा बताया।

शहनाई की धुनों के बीच निकली मंगल कलश यात्रा

जयंती के उपलक्ष्य में रामनगर स्थित तोताराम मंदिर से भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई। शहनाई की मधुर धुनों और महाराजा अग्रसेन के जयकारों के बीच सिर पर मंगल कलश धारण कर चल रहीं महिलाओं ने यात्रा की शोभा बढ़ाई। उद्यमी दिलीप बांसईया, बबली अग्रवाल, सक्षम अग्रवाल और तुषार अग्रवाल ने झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया। रास्ते में जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया गया। यात्रा अग्रसेन चौक पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने महाराजा अग्रसेन को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के लोगों और महिलाओं ने भाग लिया। पूरे आयोजन के माध्यम से समाज में आपसी प्रेम, एकजुटता, सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Previous News

मथुरा में डीजल भरवाकर बिना पैसे दिए भागे 3 युवक, थार गाड़ी समेत गिरफ्तार

Next News

मथुरा में नवरात्रि की धूम! प्राचीन पथवारी देवी मंदिर में उमड़े श्रद्धालु, जानिए शुभ कार्यों से पहले पूजा की मान्यता