धर्मनगरी वृंदावन में किन्नर समाज के दो गुटों के बीच चल रहा विवाद अब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पहुंच गया है। इलाकों पर कब्जा करने, जजमानों से जबरन नेग वसूलने और मारपीट के आरोपों को लेकर बड़ी संख्या में किन्नर समाज के लोग एसएसपी कार्यालय पहुंचे और शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
पूरा मामला वृंदावन के रमणरेती चौकी क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है। गद्दीपति कृष्णा बाई की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, दिवंगत कृष्णा उर्फ कंगना किन्नर के निधन के बाद उनके साथ रहने वाले कन्हैया उर्फ आशुतोष उपाध्याय पर आरोप है कि उन्होंने कुछ युवकों का कथित रूप से लिंग परिवर्तन कराया और उन्हें बधाई एवं नेग के नाम पर वसूली के लिए इलाकों में भेजना शुरू कर दिया।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इससे वास्तविक किन्नर समाज की छवि प्रभावित हो रही है और उनके पारंपरिक क्षेत्रों में कथित रूप से घुसपैठ की जा रही है।
किन्नर मंजरी मिश्रा, कनक नागेश्वरी, दिशा, मयूरी और गुरु कृष्णा समेत अन्य लोगों का आरोप है कि कथित रूप से लिंग परिवर्तन कराए गए लोग उनके क्षेत्रों में जाकर जजमानों से नेग मांगते हैं। विरोध करने पर उनके साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट की जाती है।
शिकायत में कन्हैया पर दिवंगत कंगना किन्नर की संपत्ति को कथित रूप से धोखे से हड़पने का भी आरोप लगाया गया है।
वहीं, एसएसपी कार्यालय पहुंचे किन्नर समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायत करने के बाद उन्हें तेजाब डालने, अपहरण कराने और जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग की है।
फिलहाल पूरे मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, आरोपों को लेकर दूसरे पक्ष का पक्ष सामने आना भी बाकी है।