Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 05 Oct 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मथुरा में मकान के ऊपर बने कमरे में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से हादसा; 3 दमकल गाड़ियों ने डेढ़ घंटे में पाया काबू

थाना हाईवे क्षेत्र के मंडी चौराहे के समीप रविवार शाम करीब 5 बजे एक मकान के ऊपर बने कमरे में अचानक शॉर्ट सर्किट के चलते भीषण आग लग गई। कमरे से धुआं और आग की लपटें उठती देख परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कमरे में रखा घरेलू सामान व कपड़े जलने लगे।

आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल इलाका पुलिस और दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

कमरे में रखे कपड़ों और घरेलू सामान ने तेजी से आग पकड़ ली थी, जिसके चलते आग पर काबू पाने में दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मेहनत के बाद दमकल टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस दौरान आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

मकान मालिक आशु अग्रवाल ने बताया कि मकान के ऊपर बने कमरे में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग लग गई। कमरे में घरेलू सामान और कपड़े रखे हुए थे। आग इतनी तेजी से फैली कि कमरे में रखा सामान जलकर राख हो गया।

मकान मालिक के मुताबिक, आग की इस घटना में करीब 25 से 30 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

दमकल विभाग की टीम ने समय रहते मौके पर पहुंचकर आग को काबू में कर लिया, जिससे आग आसपास के अन्य हिस्सों में फैलने से बच गई। हादसे के बाद परिवार और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

Previous News

मथुरा में कार और ट्रैक्टर टकराने पर दो पक्ष भिड़े:भाजपा की पूर्व जिलाध्यक्ष पर TSI से मारपीट का आरोप; 3 पर FIR

Next News

मथुरा में सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, शहर में लगे कूड़े के ढेर,कामबंद हड़ताल से चरमराई सफाई व्यवस्था