महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के “मिशन शक्ति फेज-5.0” के द्वितीय चरण के तहत मथुरा पुलिस का जागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में थाना कोसीकलां की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मरक्षा, गुड टच-बैड टच, महिला अधिकारों और महिला संबंधी अपराधों से बचाव के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। पुलिस ने समझाया कि बस, रास्ते या किसी सार्वजनिक स्थान पर मनचलों एवं शोहदों द्वारा छेड़खानी की घटना होने पर डरने अथवा चुप रहने की जरूरत नहीं है। ऐसी स्थिति में तत्काल पुलिस की मदद लें और 1090 वीमेन पावर लाइन पर शिकायत करें।
पुलिस ने महिलाओं को नजदीकी थाने पहुंचकर तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के अधिकार के बारे में भी जागरूक किया। साथ ही किसी भी महिला अपराध की सूचना पुलिस तक पहुंचाने में संकोच न करने की अपील की
मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को व्हाट्सऐप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी। पुलिस ने निजी जानकारी, फोटो, दस्तावेज और अन्य संवेदनशील जानकारी अनजान लोगों के साथ साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन गतिविधियों से सतर्क रहने के लिए कहा।
इसके साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस ने स्वयं नियमों का पालन करने और परिवार व आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की अपील की
जागरूकता अभियान के दौरान मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इनमें 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102 एवं 108 एंबुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन सेवा और 1930 साइबर हेल्पलाइन शामिल हैं।
पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की छेड़खानी, उत्पीड़न, महिला अपराध, साइबर अपराध अथवा आपात स्थिति में घबराएं नहीं और तत्काल पुलिस या संबंधित हेल्पलाइन से सहायता लें।
मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने, आत्मरक्षा के लिए तैयार करने और अपराध के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।