मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन मुस्कान के तहत GRP पुलिस ने एक महिला को 2 माह के बच्चे के साथ पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर 2026 को थाना मथुरा जंक्शन पुलिस टीम रेलवे स्टेशन पर गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक महिला संदिग्ध हालत में 2 माह के बच्चे को लेकर ट्रेन का इंतजार करती मिली।
पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी कोई संतान नहीं है और यह बच्चा उसे किसी अज्ञात महिला ने दिया है। महिला द्वारा बच्चे और उसे देने वाली महिला के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं देने पर पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार महिला की पहचान मालती (काल्पनिक नाम), उम्र करीब 45 वर्ष, निवासी झालावाड़, राजस्थान के रूप में हुई है। मामले में थाना जीआरपी मथुरा जंक्शन पर मु0अ0सं0 351/26, धारा 137(2), 61(2) बीएनएस एवं धारा 80 किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम 2015 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
बच्चे को सकुशल बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस अब बच्चे को महिला तक पहुंचाने वाली अज्ञात महिला के संबंध में जानकारी जुटाने और पूरे मामले की जांच में जुटी है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे उत्तर प्रदेश के निर्देश पर बच्चों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रदीप सिंह, उपनिरीक्षक नरेन्द्र सिंह और महिला कांस्टेबल नीलम शामिल रहीं।