कोसीकलां। श्री रामलीला संस्थान कोसीकलां द्वारा आयोजित रामलीला कैलेंडर विमोचन कार्यक्रम रविवार को महंत चेतन दास राधा माधव मंदिर के संत श्री मोनी बाबा कोटवन वालों के सानिध्य में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ संतों एवं अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अग्रवाल प्रॉपर्टीज परिवार से संजीव जाविया एवं देशबंधु अग्रवाल रहे। इस अवसर पर मेला आचार्य मोर मुकुट शास्त्री, लीला निर्देशक सतनारायण पुरोहित, भगवत मुनीम जी, श्रृंगारी प्रमुख, नगर पालिका अध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल सहित नगर के गणमान्य नागरिक और रामलीला संस्थान के पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान संतों ने श्री रामलीला संस्थान को शुभकामनाएं देते हुए रामलीला की मनमोहक झांकियों और लीला मंचन की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्रीराम की लीला समाज में धर्म, संस्कार और मर्यादा का संदेश देने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
अंत में रामलीला संस्थान के अध्यक्ष गिर्राज चौधरी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी संतों, अतिथियों, गणमान्य नागरिकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में राहुल जैन समन्वयक, संयोजक बॉबी ठाकुर, अमित अग्रवाल, हैप्पी गर्ग, मोनू हलवाई, अमित जैन, कल्पेश जैन, नितेश भारद्वाज, सार्थक शर्मा, पुष्पेंद्र सांगवान, हरीश टेंट वाले, दीपक आर्य, विजय शर्मा, कार्तिक चौधरी और अनुराग तायल सहित समस्त कार्यकारिणी का विशेष सहयोग रहा।