Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 29 Sep 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
AMU में छात्रसंघ चुनाव को लेकर बवाल, धरना स्थल पर मारपीट; छात्र फैसल त्यागी घायल, यासिर फहद से धक्का-मुक्की

अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन सोमवार रात विवाद और मारपीट में बदल गया। दिनभर प्रदर्शन के बाद रात करीब 10 बजे धरना स्थल पर 50-60 युवकों के पहुंचने से माहौल बिगड़ गया। छात्रों और युवकों के बीच पहले कहासुनी और खींचतान हुई, जिसके बाद मारपीट हो गई। घटना में छात्र फैसल त्यागी घायल हो गए, जबकि भूख हड़ताल पर बैठे यासिर फहद से भी धक्का-मुक्की हुई।

बताया गया कि धरना स्थल पर पहुंचे युवकों में कुछ AMU के छात्र थे, जबकि कुछ बाहरी बताए गए हैं। AMU के प्रॉक्टर प्रो. नवेद खान के अनुसार, रविवार को भी धरना स्थल पर पांच बाहरी युवकों के पहुंचने को लेकर सिविल लाइंस थाने में शिकायत दी गई थी। सोमवार रात की मारपीट में दो ऐसे युवकों के शामिल होने की बात भी सामने आई है, जिनके खिलाफ पहले शिकायत की गई थी।

छात्र पिछले कई दिनों से AMU में छात्रसंघ चुनाव कराने और निलंबित छात्र यासिर फहद की बहाली की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। यासिर फहद डक प्वाइंट पर भूख हड़ताल पर बैठे हैं। छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय में करीब आठ वर्षों से छात्रसंघ चुनाव नहीं हुए हैं, जिसके चलते छात्र अपनी समस्याओं को उठाने के लिए प्रभावी मंच की मांग कर रहे हैं।

सोमवार को छात्रों ने डक प्वाइंट पर प्रदर्शन के दौरान रास्ता रोककर नारेबाजी भी की। रास्ता रोकने को लेकर छात्रों और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। पुलिस ने रास्ते से संबंधित दस्तावेज दिखाने और मामले को कानूनी तरीके से सुलझाने की बात कही।

यासिर फहद को AMU प्रशासन ने 14 सितंबर को अब्दुल्लाह हॉल की छात्राओं के प्रदर्शन में कथित भूमिका और छात्रों को आंदोलन के लिए प्रेरित करने के आरोप में निलंबित किया था। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए कई बार बुलाया गया, लेकिन वह अधिकारियों के सामने उपस्थित नहीं हुए। वहीं यासिर ने निलंबन को लेकर अलग पक्ष रखा है।

फिलहाल धरना स्थल पर हुई मारपीट के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और प्रॉक्टोरियल टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस शिकायतों और घटना से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है।

Previous News

अलीगढ़ के खैर में युवक की मौत से हड़कंप, परिजनों ने जताई आशंका; पुलिस जांच में जुटी

Next News

राजा महेंद्र प्रताप सिंह यूनिवर्सिटी की स्कूटी योजना पर विवाद, संशोधित सूची में 1039 छात्राओं को किया शामिल