Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 29 Sep 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
जयपुर में संपत्ति विवाद में बड़े भाई की हत्या, मंदिर जाते समय छोटे भाई ने किया हमला

जयपुर। राजधानी के बनीपार्क थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद को लेकर एक भाई द्वारा अपने बड़े भाई की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, 65 वर्षीय श्याम बगानी मंगलवार सुबह मंदिर जाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान उनके छोटे भाई मुरली बगानी ने उन पर हमला कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने पहले श्याम बगानी पर लकड़ी से हमला किया। इसके बाद उनके गिरने पर चाकू से वार किए गए। गंभीर रूप से घायल श्याम बगानी को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। पुलिस इसी विवाद को हत्या की वजह मानकर जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि आरोपी मुरली बगानी करीब 11 महीने पहले अमेरिका से जयपुर लौटा था। पुलिस के मुताबिक, अमेरिका में कारोबार में नुकसान होने के बाद वह वापस आया था। उसकी पत्नी और बच्चे अभी अमेरिका में रह रहे हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद बनीपार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मुरली बगानी को हिरासत में ले लिया। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही हत्या के पीछे संपत्ति विवाद के अलावा किसी अन्य कारण की भी जांच कर रही है।

Previous News

दून यूनिवर्सिटी के मेस के खाने में निकला कीड़ा, छात्रों का फूटा गुस्सा; कुलपति आवास का किया घेराव

Next News

अलीगढ़ के खैर में युवक की मौत से हड़कंप, परिजनों ने जताई आशंका; पुलिस जांच में जुटी