Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 20 Sep 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: टायर बदलते वक्त कैंटर ने मारी टक्कर, दो की मौत और दो घायल

मथुरा के नौहझील थाना क्षेत्र में रविवार तड़के यमुना एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क दुर्घटना घटित हुई। माइलस्टोन 64.500 के पास नोएडा से आगरा जाने वाली लेन में तीन वाहनों की भिड़ंत हो गई, जिसमें दो लोगों की जान चली गई और दो अन्य लोग घायल हो गए।

घटनाक्रम के अनुसार, एक आयशर कैंटर (UP 14 MT 8450) का टायर फटने के बाद चालक और अन्य लोग सड़क किनारे गाड़ी का टायर बदल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य कैंटर (RJ 11 GC 9338) ने खड़े कैंटर में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में गाजियाबाद निवासी हरिपाल (40) और बागपत के खिदाना निवासी भीम सिंह (38) गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी नौहझील में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया, जबकि कैंटर चालक विश्वनाथ सुरक्षित बताया गया है।

इसी दुर्घटना के महज 300 मीटर आगे एक और भिड़ंत हो गई। एक ट्रक (UP 78 KT 7040) ने पहले हादसे में शामिल कैंटर को पीछे से टक्कर मार दी। इस दूसरे हादसे में हमीरपुर निवासी हनी गुप्ता (18) और मध्य प्रदेश के मुरैना निवासी परिचालक विशाल लोधी (22) घायल हो गए। दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सीएचसी नौहझील में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज हरेंद्र सिंह तोमर व पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटवाया। पुलिस के अनुसार वर्तमान में यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारू है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी भेजा गया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि तहरीर मिलने पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Previous News

DU छात्र संघ चुनाव में ABVP की प्रचंड जीत, मथुरा में ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ जश्न

Next News

यमुना एक्सप्रेसवे पर खड़े डीसीएम में पीछे से घुसी बाइक, दो युवक घायल