Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 16 Sep 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
हाथी टीला कब्रिस्तान विवाद: बाउंड्रीवॉल तोड़ने पहुंचा प्रशासन, भारी पुलिस बल तैनात

मथुरा के थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित हाथी टीला में बुधवार को उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब जिला प्रशासन कथित रूप से अवैध तरीके से बन रही कब्रिस्तान की बाउंड्रीवॉल को ध्वस्त करने के लिए बुलडोजर और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।

हाथी टीला स्थित इस भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। एक ओर मथुरा नगर निगम और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) का दावा है कि संबंधित भूमि उनके अभिलेखों में दर्ज है, जबकि दूसरा पक्ष इसे वक्फ की संपत्ति बताते हुए कब्रिस्तान की जमीन होने का दावा करता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से यहां बाउंड्रीवॉल निर्माण का कार्य चल रहा था, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई की तैयारी की।

यह पहला अवसर नहीं है जब इस कब्रिस्तान को लेकर विवाद सामने आया हो। वर्ष 2022 में भी कब्रिस्तान प्रबंधन द्वारा बाउंड्रीवॉल निर्माण का प्रयास किया गया था, जिसे तत्कालीन अपर नगर आयुक्त राजकुमार मित्तल के नेतृत्व में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में रुकवाकर ध्वस्त करा दिया गया था। उस समय भी क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी थी।

अब लगभग चार वर्ष बाद दोबारा बाउंड्री निर्माण शुरू होने पर प्रशासन ने हस्तक्षेप किया।

कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र और अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से बाउंड्रीवॉल का कुछ हिस्सा ध्वस्त कराया, जिसका कब्रिस्तान प्रबंधन पक्ष ने विरोध किया।

प्रबंधन पक्ष का कहना है कि वे लगभग 10 लाख रुपये की लागत से बाउंड्रीवॉल का निर्माण करा रहे हैं। विरोध के बाद फिलहाल प्रशासन ने आगे की कार्रवाई रोक दी है।

जिला प्रशासन ने कब्रिस्तान प्रबंधन पक्ष को गुरुवार को बातचीत के लिए बुलाया है। वार्ता के बाद ही आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।

मौके पर मौजूद अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह ने बताया कि वार्ड संख्या-5 में पुरातत्व विभाग की भूमि पर अनाधिकृत रूप से बाउंड्री बनाकर कब्जे का प्रयास किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि यह मामला विभिन्न स्तरों पर विचाराधीन है और संबंधित पक्षों की सहमति से सीमित कार्रवाई की गई है। साथ ही सभी पक्षों से न्यायिक एवं प्रशासनिक निर्णय आने तक शांति बनाए रखने की अपील की गई है.

Previous News

मथुरा में जेवर व नकदी ठगने वाले दो शातिर गिरफ्तार, ₹40 हजार बरामद

Next News

होली गेट पर बेरोजगार दिवस कार्यक्रम से पहले युवा कांग्रेस कार्यकर्ता हिरासत में