मथुरा के वृन्दावन रोड स्थित ग्रोविंग सोल किड्स स्कूल में आयोजित 12 दिवसीय गणेश उत्सव के दौरान एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में परिंदे फाउंडेशन और ग्रोविंग सोल किड्स स्कूल के छात्र-छात्राओं ने गणेश वंदना, कथक नृत्य तथा जिम्नास्टिक डांस की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। छात्र-छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों को देखकर उपस्थित मुख्य अतिथि और अभिभावक स्वयं को तालियां बजाने से नहीं रोक सके और पूरा गणेश पंडाल गूंज उठा।
इस अवसर पर ग्रोविंग सोल किड्स स्कूल के बच्चों के अभिभावकों द्वारा परिंदे फाउंडेशन के माध्यम से निःशुल्क शिक्षा प्राप्त कर रहे लगभग 300 विद्यार्थियों को वस्त्र, उपहार और खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान परिंदे फाउंडेशन की मेधावी छात्रा अर्पिता कुशवाहा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिसने बिना ट्यूशन पढ़े 10वीं कक्षा में 94 प्रतिशत अंक और गणित में 100 में से 100 नंबर प्राप्त किए हैं।
अमर नाथ गर्ल्स डिग्री कॉलेज के प्राचार्य अनिल कुमार वाजपेई ने अर्पिता को पुरस्कृत कर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और मंच से घोषणा की कि भविष्य में भी परिंदे फाउंडेशन की प्रतिभाशाली छात्राओं को अमर नाथ गर्ल्स डिग्री कॉलेज में निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। परिंदे फाउंडेशन की संस्थापिका एवं ग्रोविंग सोल किड्स स्कूल की प्रिंसिपल डॉक्टर सोनिका शर्मा ने कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। (रिपोर्ट: गोपाल चतुर्वेदी, मथुरा)