मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत बुधवार, 16 सितंबर 2026 को थाना सुरीर की मिशन शक्ति पुलिस टीम द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मरक्षा, गुड टच-बैड टच, महिला अधिकारों तथा महिला संबंधी अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को बताया गया कि बस, रास्ते अथवा सार्वजनिक स्थानों पर छेड़खानी या उत्पीड़न की घटना होने पर डरने के बजाय तत्काल पुलिस की मदद लें। उन्हें 1090 वीमेन पावर लाइन पर सूचना देने तथा नजदीकी थाने पर पहुंचकर तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के संबंध में जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप, एक्स (ट्विटर), फेसबुक एवं इंस्टाग्राम का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए स्वयं नियमों का पालन करने और अपने घर एवं आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस टीम ने विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी भी दी। इनमें 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102 एवं 108 एंबुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन सेवा तथा 1930 साइबर हेल्पलाइन शामिल हैं।
पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या, छेड़खानी या उत्पीड़न की स्थिति में घबराएं नहीं और तत्काल संबंधित हेल्पलाइन नंबर या नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें।