मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी योजना ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ के द्वितीय चरण के तहत थाना गोवर्धन पुलिस ने महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा, गुड टच-बैड टच, महिला अधिकारों तथा महिला संबंधी अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
पुलिस टीम ने महिलाओं को बताया कि बस, सड़क अथवा किसी भी सार्वजनिक स्थान पर छेड़छाड़ या उत्पीड़न की घटना होने पर डरने के बजाय तत्काल 1090 वीमेन पावर लाइन या नजदीकी थाने में एफआईआर दर्ज कराएं। साथ ही व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की भी सलाह दी गई।
अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का संदेश दिया गया। पुलिस ने महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबर 1076, 1090, 181, 112, 102, 108, 1098, 101 और 1930 की विस्तृत जानकारी देकर हर परिस्थिति में इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।