उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में संविदा पर तैनात कुछ चालक और परिचालकों की मनमानी का मामला सामने आया है। मथुरा डिपो में चेकिंग अभियान के दौरान एक गंभीर धांधली उजागर हुई है, जहां गोवर्धन-बरसाना मार्ग पर चल रही बस संख्या यू पी 78 एल टी 0168 में चेकिंग के दौरान 20 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पाए गए। चेकिंग टीम को देखते ही संविदा परिचालक दानवीर ईवीएम (EVM) मशीन लेकर मौके से फरार हो गया।
इस घटना के बाद चेकिंग टीम के द्वारा परिचालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई थी, जिसके आधार पर अब मुख्यालय द्वारा 5 सदस्यीय जांच टीम गठित कर दी गई है। 5 सदस्यीय टीम की जांच के बाद आरोपी संविदा परिचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मथुरा डिपो के केंद्र प्रभारी जयप्रकाश शुक्ला ने बताया कि चेकिंग टीम द्वारा 20 यात्री बगैर टिकट पाए गए थे और परिचालक दानवीर मौके से फरार हो गया था। अब उसके ऊपर जांच टीम गठित कर दी गई है और जांच टीम जैसे ही अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, उसी के आधार पर परिचालक के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।