मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मांट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मांट पुलिस ने खुले स्थान पर जुआ खेलते हुए छह आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से कुल 13,450 रुपये की नकदी और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को शाम करीब 3:55 बजे मांट पुलिस की टीम चेकिंग के दौरान क्षेत्र में मौजूद थी। उसी समय बिहारी इंडेन पेट्रोल पंप के पीछे करीब 300 मीटर दूर खुले स्थान पर जुआ खेल रहे छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान संतोष पुत्र राममूर्ति, राजकुमार पुत्र नरोत्तम सिंह, तीर्थराज पुत्र खजान सिंह, गोपाल पुत्र हुकुम सिंह, लाल सिंह पुत्र गिर्राज सिंह तथा छोटू पुत्र रामचरन के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध थाना मांट में मुकदमा अपराध संख्या 221/2026, धारा 13 जी एक्ट जुआ अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत किया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस मामले की अग्रिम विवेचना उपनिरीक्षक प्रवीन कुमार द्वारा की जाएगी। सफलता प्राप्त करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सहित कांस्टेबल दिनेश कुमार, अमित कुमार, गुलशन कुमार, भुवनेश कुमार, हर्षवर्धन और विजय कुमार शामिल रहे।