मथुरा में मंडी चौराहा स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग के एक स्थानीय होटल में रविवार देर शाम सर्व ब्राह्मण महासभा की महानगर मथुरा इकाई द्वारा राष्ट्रीय सम्मेलन और विप्र विभूति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम के चित्रपट पर पुष्पमाला अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। समारोह के दौरान समाज हित में उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं और विप्र विभूतियों का शाल, पटुका एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मान किया गया।
सम्मानित होने वालों में भगवान परशुराम शोभायात्रा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामगोपाल शर्मा, महामंत्री बंशीलाल शर्मा, सर्वोदई ब्राह्मण विकास संस्थान के अध्यक्ष सोहन लाल शर्मा, श्री राधारानी रोटी कपड़ा बैंक के संजय पंडित, पूर्व विधायक हुकम चंद तिवारी, अलीगढ़ से आए अरविंद पंडित, डॉक्टर जमुना शर्मा और श्वेता शर्मा प्रमुख रूप से शामिल रहे। कार्यक्रम में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी शर्मा एडवोकेट ने राष्ट्रीय स्तर पर विप्र समाज की एकजुटता का आह्वान किया।
महामंत्री डॉक्टर संदीप शर्मा ने कहा कि सर्व ब्राह्मण महासभा निर्धन विप्र कन्याओं की शिक्षा के लिए विशेष रूप से कार्य करेगी। इसके अलावा प्रसिद्ध कवि डॉक्टर रमाशंकर पांडेय और देवी प्रसाद गौड़ ने अपनी काव्य रचनाओं से सभी को ओतप्रोत किया। पदाधिकारियों ने आगामी चुनावों में ब्राह्मण समाज के प्रत्याशी चयन और राजनीतिक विचार-विमर्श को लेकर भी अपनी बात रखी।