मथुरा में भारतीय जनता पार्टी के होली गेट मंडल द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के बेमिसाल सेवा और सुशासन के उपलक्ष्य में 'सेवा संकल्प अभियान' की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मंडल अध्यक्ष लोकेश तायल की अध्यक्षता में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस महीने भर के राष्ट्रव्यापी अभियान की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।
मंडल अध्यक्ष लोकेश तायल ने बताया कि इस राष्ट्रव्यापी अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ जैसे दर्जनों जन-कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन सभी कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य सरकार की जन-हितैषी नीतियों और सेवा भाव को जन-जन तक सफलता पूर्वक पहुंचाना है।
बैठक के मुख्य वक्ता रामकिशन पाठक ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि सेवा का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। वहीं, मंडल उपाध्यक्ष कुंज बिहारी भारद्वाज ने क्षेत्रीय जनता से इस अभियान से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील की।
महामंत्री कृष्णमणि सूबेदार के संचालन में हुई इस बैठक में दीपक गोला, धनंजय लोधी, धर्मेंद्र चौधरी सहित कई प्रमुख पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा के साथ मैदान में उतरकर राष्ट्रहित का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का दृढ़ संकल्प लिया।