कोसीकलां के कोटवन इंडस्ट्रियल एरिया में संचालित फैक्ट्रियों से हो रहे कथित प्रदूषण के विरोध में नवीपुर गांव के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट होकर गांव से पैदल मार्च निकालते हुए कैबिनेट मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी के आवास पहुंचे। वहां ग्रामीणों ने उन्हें एक ज्ञापन सौंपकर इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि फैक्ट्रियों से निकलने वाले प्रदूषण के कारण गांव की हवा और पानी दोनों अत्यधिक दूषित हो चुके हैं। इसके चलते गांव में गंभीर बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है और लोग विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने, हवा व पानी के नमूने लेकर उनका वैज्ञानिक परीक्षण कराने तथा मानकों का उल्लंघन करने वाली फैक्ट्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग रखी।
ज्ञापन लेने के पश्चात कैबिनेट मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जल्द ही संबंधित अधिकारियों और फैक्टरी संचालकों के साथ बैठक बुलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि वार्ता के जरिए समस्या का उचित समाधान निकाला जाएगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी फैक्ट्रियां निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित हों। वहीं, ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समाधान न होने पर वे आगे भी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।