बदलते मौसम के साथ मथुरा जनपद में वायरल बीमारियों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। खास तौर पर छोटे बच्चों में वायरल फीवर तेजी से फैल रहा है, जिसके चलते महर्षि दयानंद सरस्वती जिला अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। अस्पताल प्रशासन भी मरीजों के उपचार और रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरत रहा है।
मथुरा के महर्षि दयानंद सरस्वती जिला अस्पताल में इन दिनों ओपीडी में मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। बड़ों के साथ-साथ बड़ी संख्या में छोटे बच्चे भी वायरल फीवर, खांसी और जुकाम की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। बदलते मौसम का असर सबसे अधिक मासूम बच्चों पर दिखाई दे रहा है।
अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञों के अनुसार अधिकांश बच्चों में मौसमी संक्रमण के लक्षण मिल रहे हैं। अस्पताल में बच्चों की जांच, दवा और आवश्यक उपचार की व्यवस्था की गई है, वहीं अभिभावकों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अमन कुमार ने बताया कि माता-पिता बच्चों के खान-पान पर विशेष ध्यान दें। उन्हें ठंडी और बाजार की खुली खाद्य वस्तुओं से दूर रखें, पर्याप्त पानी पिलाएं और बुखार, खांसी या जुकाम के लक्षण दिखाई देने पर घरेलू इलाज के बजाय तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें।