विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर जाने वाले मुख्य मार्ग पर नगर निगम की लापरवाही के चलते पिछले कई दिनों से कूड़े का ढेर लगा हुआ है। गौतम सरदार गेस्ट हाउस के सामने फैली गंदगी और उठ रही दुर्गंध से रोजाना गुजरने वाले हजारों श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह मार्ग गौतम पाड़ा, किशोरपुरा और विद्यापीठ को बांके बिहारी मंदिर से जोड़ता है, इसलिए यहां दिनभर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। बावजूद इसके कूड़े का नियमित उठान नहीं होने से पूरे क्षेत्र में अस्वच्छता का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय निवासी मदन गोपाल गौतम का कहना है कि नगर पालिका से नगर निगम बनने के बाद लोगों को बेहतर सफाई व्यवस्था की उम्मीद थी, लेकिन हालात पहले से भी खराब हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई दिनों से सफाई नहीं होने के कारण दुर्गंध और गंदगी लगातार बढ़ रही है।
क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि सफाई कर्मियों को समय पर वेतन न मिलने के कारण सफाई कार्य प्रभावित हुआ है। हालांकि नगर निगम की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। आस्था के प्रमुख केंद्र वृंदावन में इस तरह की अव्यवस्था ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।