सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर की मस्जिद पर बुलडोजर कार्रवाई के बाद अब एक नया और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मस्जिद का मलबा हटाते समय जमीन के नीचे करीब 20 फीट गहरा कुआं मिला है, जिसे भारी स्लैब से ढका गया था। प्रशासन ने इसकी ऐतिहासिकता की जांच के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण यानी ASI को सूचना दे दी है।
सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद का मलबा हटाने का काम चल रहा था। इसी दौरान मजदूरों को जमीन के नीचे एक बड़ा स्लैब दिखाई दिया। स्लैब हटाते ही करीब 20 फीट गहरा और लगभग डेढ़ मीटर चौड़ा कुआं सामने आया, जिससे मौके पर मौजूद अधिकारी भी हैरान रह गए।
सूचना मिलते ही एसडीएम मौके पर पहुंचे और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण को जांच के लिए बुलाया गया। अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह कुआं काफी पुराना प्रतीत होता है, लेकिन इसकी वास्तविक उम्र और ऐतिहासिक महत्व का पता ASI की जांच के बाद ही चल सकेगा।
गौरतलब है कि कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को हाल ही में अदालत के आदेश के बाद अवैध निर्माण मानते हुए ध्वस्त किया गया था। अब मलबे के नीचे मिले इस कुएं ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है।