वृंदावन में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए उत्तर प्रदेश शासन ने बड़ा फैसला लिया है। शासन की स्वीकृति के बाद जनपद मथुरा में नवगठित "वृंदावन सर्किल" का गठन कर दिया गया है। इसके पहले क्षेत्राधिकारी के रूप में संदीप कुमार सिंह की नियुक्ति की गई है।
उत्तर प्रदेश शासन और अपर पुलिस महानिदेशक मुख्यालय की संस्तुति के बाद वृंदावन सर्किल का विधिवत गठन किया गया है। नए सर्किल के अंतर्गत थाना वृंदावन, थाना पर्यटन और साइबर थाना को शामिल किया गया है।
शासनादेश के अनुसार पूर्व में क्षेत्राधिकारी यातायात का दायित्व संभाल रहे संदीप कुमार सिंह अब वृंदावन सर्किल के पहले क्षेत्राधिकारी होंगे। उनकी नियुक्ति से वृंदावन में कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन का मानना है कि जन्माष्टमी, होली और अन्य बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए यह नया पुलिस सर्किल प्रभावी पुलिसिंग और त्वरित कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।