उत्तर प्रदेश के हापुड़ से इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। महज 6 हजार रुपये के डीजल के भुगतान को लेकर हुए विवाद में एक स्कॉर्पियो चालक ने पेट्रोल पंप के सेल्समैन को करीब 5 किलोमीटर तक सड़क पर घसीट दिया। गंभीर हालत में घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
घटना हापुड़ के एक पेट्रोल पंप की है, जहां स्कॉर्पियो चालक ने अपनी गाड़ी में लगभग 6 हजार रुपये का डीजल भरवाया। आरोप है कि भुगतान करने के बजाय चालक गाड़ी लेकर भागने लगा। जब सेल्समैन ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह वाहन के साथ घिसटता चला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और सेल्समैन करीब 5 किलोमीटर तक सड़क पर घसीटता रहा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है।
घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर स्कॉर्पियो चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है।