श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के पावन अवसर पर मथुरा में सेवा और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। शहर के प्रमुख उद्योगपति एवं समाजसेवी प्रमोद गर्ग कसेरे की ओर से मसानी चौराहा के समीप विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जहां हजारों श्रद्धालु भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर कान्हा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मसानी चौराहा स्थित विशाल भंडारे में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। भक्तों के लिए पूरी, सब्जी, मिठाई, शिकंजी और विभिन्न प्रकार के प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई थी। पूरे आयोजन में सेवा भाव और कृष्ण भक्ति का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान उद्योगपति एवं समाजसेवी प्रमोद गर्ग कसेरे के साथ अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे रहे। बड़ी संख्या में आए भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन की सराहना की।
प्रमोद गर्ग कसेरे ने बताया कि यह विशाल भंडारा पिछले लगभग 30 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। जन्माष्टमी के अवसर पर समाज के सभी वर्गों के लोगों को एक साथ प्रसाद वितरण करना ही इस आयोजन का उद्देश्य है।