मथुरा के कोसीकलां में खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। 6 और 7 सितंबर को नगर में विशाल मैट कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान सहित कई राज्यों की महिला और पुरुष वर्ग की नामी टीमें हिस्सा लेंगी।
बीपीएल नर्सिंग होम के पास वटैनगेट मैदान में आयोजित होने वाली इस दो दिवसीय प्रतियोगिता की तैयारियां जोरों पर हैं। गांगवान सेवा समिति के अध्यक्ष सीए अमित अग्रवाल ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना है।
आयोजकों के अनुसार 6 सितंबर को महिला वर्ग और 7 सितंबर को पुरुष वर्ग के रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की कई प्रतिष्ठित कबड्डी टीमें अपने दमखम का प्रदर्शन करेंगी।
विजेता और उपविजेता टीमों को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे, वहीं बेस्ट रेडर और बेस्ट कैचर को भी विशेष सम्मान से नवाजा जाएगा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि दीप प्रज्ज्वलन मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी करेंगे। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।