मथुरा में मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना राया की मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा, गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा और महिला हेल्पलाइन के प्रति जागरूक किया।
थाना राया क्षेत्र में आयोजित जागरूकता अभियान के दौरान मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों तथा महिला संबंधी अपराधों से बचाव की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि बस, रास्तों या सार्वजनिक स्थानों पर छेड़खानी जैसी घटनाओं में डरने के बजाय तुरंत 1090 वीमेन पावर लाइन और स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
कार्यक्रम में व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग करने, साइबर अपराधों से बचने और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं को यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का संदेश दिया गया।
मिशन शक्ति टीम ने 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 108 एंबुलेंस, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 1930 साइबर हेल्पलाइन सहित सभी महत्वपूर्ण आपातकालीन सेवाओं की जानकारी देकर आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता लेने की अपील की।