मथुरा में मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना सुरीर की मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा, गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा और महिला हेल्पलाइन के प्रति जागरूक किया
थाना सुरीर क्षेत्र में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों तथा महिला संबंधी अपराधों से बचाव की जानकारी दी। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर छेड़खानी या उत्पीड़न की स्थिति में डरने के बजाय तुरंत 1090 वीमेन पावर लाइन और स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर अपराधों से बचाव और व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने का संदेश दिया गया।
पुलिस टीम ने महिलाओं को 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 108 एंबुलेंस और 1930 साइबर हेल्पलाइन सहित विभिन्न आपातकालीन सेवाओं की विस्तृत जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता लेने की अपील की।