मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय मथुरा दौरे पर वृंदावन पहुंच गए हैं। पवनहंस हेलीपैड पर उनका हेलीकॉप्टर उतरते ही भाजपा नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री आज 1051 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर वृंदावन स्थित पवनहंस हेलीपैड पर उतरा। यहां जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया, जिसके बाद मुख्यमंत्री कड़े सुरक्षा घेरे में अपने काफिले के साथ स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह के लिए रवाना हुए।
स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री 1051 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में मथुरा-वृंदावन के आधारभूत ढांचे, पर्यटन और जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
इसके बाद मुख्यमंत्री गीता शोध संस्थान में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करेंगे। वहीं साधु-संतों का सम्मान कर उन्हें संबोधित भी करेंगे।
अपने कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री एक निजी धार्मिक आयोजन में सहभागिता करेंगे और बाद में भक्ति स्तंभ पथ का स्थलीय निरीक्षण कर जन्माष्टमी तैयारियों का जायजा लेंगे।
मुख्यमंत्री के पूरे दौरे को देखते हुए वृंदावन में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शहर के प्रमुख मार्गों, मंदिर क्षेत्रों और कार्यक्रम स्थलों पर भारी पुलिस बल और यातायात व्यवस्था तैनात की गई है।