श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने बड़ी सौगात दी है। अतिरिक्त यात्री भीड़ को देखते हुए 3 से 5 सितंबर तक जयपुर-मथुरा-जयपुर अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा का संचालन किया जाएगा। यह मेला स्पेशल ट्रेन तीन दिनों तक दोनों दिशाओं में यात्रियों को सुविधा देगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार जयपुर-मथुरा अनारक्षित स्पेशल प्रतिदिन दोपहर 1 बजे जयपुर से रवाना होकर शाम 6 बजकर 50 मिनट पर मथुरा जंक्शन पहुंचेगी।
वहीं वापसी में मथुरा-जयपुर स्पेशल शाम 8 बजे मथुरा से प्रस्थान करेगी और रात 2 बजकर 35 मिनट पर जयपुर पहुंचेगी।
यह मेला स्पेशल ट्रेन मार्ग में गांधीनगर जयपुर, दौसा, बांदीकुई, राजगढ़, मालाखेड़ा, अलवर, रामगढ़, गोविंदगढ़, बृजनगर, डींग और गोवर्धन सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी, जिससे ब्रज आने वाले श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा।
रेलवे ने बताया कि ट्रेन में 15 साधारण श्रेणी के डिब्बे और 2 गार्ड कोच, यानी कुल 17 कोच लगाए जाएंगे, ताकि जन्माष्टमी के दौरान अधिक से अधिक यात्रियों को यात्रा सुविधा मिल सके।