श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महापर्व को लेकर मथुरा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देश पर सुरीर थाने के सामने सोमवार सुबह सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया, जहां दोपहिया और चार पहिया वाहनों की गहन जांच की गई। देखिए ये रिपोर्ट।
जन्माष्टमी के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए थाना सुरीर पुलिस ने थाने के सामने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने आने-जाने वाले दोपहिया और चार पहिया वाहनों को रोककर ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, बीमा और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की।
पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। साथ ही हेलमेट, सीट बेल्ट और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति लोगों को जागरूक भी किया गया।
चेकिंग अभियान के दौरान कुछ समय के लिए वाहन चालकों में अफरा-तफरी का माहौल भी देखने को मिला, लेकिन पुलिस ने व्यवस्थित तरीके से वाहनों की जांच कर यातायात को सुचारु बनाए रखा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जन्माष्टमी सहित आगामी त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा और सड़क सुरक्षा के लिए इस तरह के सघन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।