मथुरा के सुरीर क्षेत्र से शादी के नाम पर ठगी का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। मंदिर में पूरे रीति-रिवाज से शादी हुई, दूल्हा खुशी-खुशी दुल्हन को घर भी ले आया… लेकिन गांव पहुंचते ही दुल्हन अपने साथियों के साथ फरार हो गई। आरोप है कि शादी कराने के नाम पर दूल्हे से 1 लाख 15 हजार रुपये ऐंठ लिए गए। पुलिस ने कथित लुटेरी दुल्हन समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला मथुरा के नगला जय सिंह गांव का है, जहां रहने वाले चंद्रभान ने पुलिस को बताया कि उसके रिश्तेदार सुंदर ने शादी कराने का भरोसा दिलाकर उससे 1.15 लाख रुपये लिए। इसके बाद युवक को अलीगढ़ के एक मंदिर ले जाया गया, जहां एक युवती से सात फेरे कराए गए और कुछ लोग उसके रिश्तेदार बनकर मौजूद रहे।
शादी के बाद दूल्हा अपनी दुल्हन को लेकर गांव लौटा, लेकिन कुछ ही देर बाद दुल्हन अपने साथी इरफान और सुंदर के साथ वहां से फरार हो गई। तब पीड़ित को एहसास हुआ कि उसके साथ शादी के नाम पर सुनियोजित ठगी हुई है।
शिकायत के आधार पर सुरीर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कथित दुल्हन, सुंदर और इरफान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं इसी तरह और लोगों को तो शिकार नहीं बनाया गया।