प्रयागराज के संगम तट से आस्था का एक अद्भुत और दुर्लभ दृश्य सामने आया है। गंगा-यमुना के बढ़ते जलस्तर के बीच मां गंगा का पवित्र जल प्रसिद्ध लेटे हनुमान मंदिर के गर्भगृह तक पहुंच गया। धार्मिक मान्यता के अनुसार इसे मां गंगा द्वारा अपने पुत्र बजरंगबली को स्नान कराने का शुभ अवसर माना जाता है। इस अलौकिक पल के बाद मंदिर में भव्य आरती हुई और श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
जैसे ही देर रात गंगा का जल लेटे हनुमान मंदिर के गर्भगृह में पहुंचा, पूरा मंदिर परिसर जय श्रीराम और हर-हर गंगे के जयकारों से गूंज उठा। पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान हनुमान और मां गंगा की विशेष आरती उतारी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
संतों का कहना है कि यह दुर्लभ दृश्य अत्यंत मंगलकारी माना जाता है। मान्यता है कि जब मां गंगा स्वयं लेटे हनुमान जी का स्नान कराती हैं, तो यह सुख-समृद्धि और लोककल्याण का प्रतीक होता है। तड़के सुबह से ही हजारों श्रद्धालु इस दिव्य क्षण के दर्शन के लिए संगम तट स्थित मंदिर पहुंच रहे हैं।