बस्ती, उत्तर प्रदेश: सरकारी नौकरी लगने की खुशी में लोग अक्सर मिठाई बांटते हैं, लेकिन बस्ती में एक पिता ने बेटे की कामयाबी का जश्न कुछ ऐसे मनाया कि पूरा इलाका देखता रह गया। ग्राम पंचायत अधिकारी बने बेटे का हाथी पर बैठाकर गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला बस्ती के हरैया थाना क्षेत्र के केशवपुर गांव का है। यहां के रहने वाले अवनीश पांडेय का चयन ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर हुआ। बेटे की इस उपलब्धि पर पिता महेंद्र कुमार पांडेय ने संसारीपुर चौराहे पर भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया।
स्वागत के दौरान अवनीश को हाथी पर बैठाया गया और बैंड-बाजे के साथ पूरे क्षेत्र में शाही अंदाज में जुलूस निकाला गया। रास्ते भर ग्रामीणों ने फूल बरसाकर नवचयनित अधिकारी का अभिनंदन किया, जबकि बड़ी संख्या में लोगों ने अपने मोबाइल में इस खास पल को कैद किया।
यह अनोखा जश्न अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोग इसे बेटे की मेहनत और पिता के गर्व का प्रतीक बता रहे हैं, वहीं परिवार को लगातार बधाइयां मिल रही हैं।