मेरठ में किसान नेता दिग्विजय भाटी के साथ कथित मारपीट और हिरासत में प्रताड़ना के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने इंस्पेक्टर अखिलेश गौड़ समेत 8 पुलिसकर्मियों को लाइन हाज़िर कर दिया है। मामले की विभागीय जांच भी तेज कर दी गई है।
यह विवाद उस समय सामने आया जब किसान नेता दिग्विजय भाटी ने आरोप लगाया कि उन्हें और उनके साथी मोहित जाटव को एसएसपी कार्यालय बुलाकर कई घंटों तक पीटा गया। उन्होंने शरीर पर चोटों के निशान दिखाते हुए पुलिस पर अवैध हिरासत, मारपीट और अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए थे।
आरोपों के बाद वायरल हुए वीडियो और बढ़ते जनदबाव के बीच उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने पहले तत्कालीन मेरठ एसएसपी अविनाश पांडेय को लखनऊ पुलिस मुख्यालय से संबद्ध कर दिया था। इसके बाद नए एसएसपी ने मामले में शामिल पुलिसकर्मियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए 8 अधिकारियों और कर्मचारियों को लाइन हाज़िर कर दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।