स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज पर्व को लेकर मथुरा जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। 15 अगस्त को लेकर जिलेभर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर के प्रमुख तिराहों और चौराहों को तिरंगे के रंग में सजाया गया है, वहीं साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिल सके।
वहीं शनिवार को हरियाली तीज का पर्व भी पूरे ब्रजमंडल में श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। वृंदावन में ठाकुर बांके बिहारी महाराज के हरी-भरी घटा और स्वर्ण-रजत हिंडोले के दर्शन के लिए देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं।
वृंदावन में भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।
इसी बीच जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने जनपदवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी लोग अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं और देशभक्ति की भावना को मजबूत करें।
डीएम ने मथुरा के लोगों से बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ अच्छा व्यवहार और सहयोग करने की भी अपील की है, ताकि ब्रज की अतिथि देवो भवः की परंपरा और मथुरा-वृंदावन की सकारात्मक छवि देश-दुनिया तक पहुंचे।
स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज के अवसर पर जिलाधिकारी ने समस्त जनपदवासियों और ब्रज में आने वाले श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं भी दी हैं।