वृंदावन। कोतवाली क्षेत्र के कुंभमेला क्षेत्र स्थित धोबीघाट पर मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और लोहे के पाइप चले, जिसमें तीन लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, मारपीट के दौरान एक पक्ष से गोविंद घेरा निवासी योगेश और दशरथ को चोटें आई हैं। वहीं दूसरे पक्ष से गोपीनाथ बाजार स्थित सिनेमा हॉल वाली गली निवासी संतोष घायल हुआ है। संतोष के सिर में चोट लगने के साथ ही हाथ में फ्रैक्चर बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही।
मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ वृंदावन कोतवाली में लिखित तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें प्राप्त कर ली हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।