वृंदावन। परिक्रमा मार्ग स्थित पानीगांव तिराहे पर गुरुवार को प्रशासन का कड़ा रुख देखने को मिला। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासनिक टीम ने बुलडोजर चलाकर टीनशेड से बनी अवैध दुकानों को ध्वस्त कर दिया। अचानक हुई कार्रवाई से स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, राजपुर निवासी एक व्यक्ति ने कुछ समय पहले बेशकीमती जमीन पर टीनशेड डालकर दुकानों का निर्माण कर लिया था। अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और देखते ही देखते अवैध ढांचों को जमींदोज कर दिया।
ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण करने वालों में भी हड़कंप मचा हुआ है।