Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 07 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
वृंदावन में बैनामा शुदा जमीन पर कब्जे का आरोप, रास्ते पर गेट-ताला लगाने का दावा; पीड़ितों ने एसएसपी से लगाई गुहार

मथुरा के वृंदावन में बैनामा शुदा जमीन पर कब्जे और मुख्य रास्ते को बंद करने का आरोप लगाते हुए पीड़ितों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ितों का कहना है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। उनका आरोप है कि स्थानीय पुलिस को शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

वृंदावन के मौजा राजपुर बांगर क्षेत्र में जमीन विवाद का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने उनकी बैनामा शुदा जमीन और मुख्य रास्ते पर अवैध कब्जा कर गेट और ताला लगा दिया, जिससे उनका आवागमन बाधित हो गया।

पीड़िता निर्मला देवी, निवासी ज्ञानगुदड़ी, वृंदावन तथा दिनेश कुमार, निवासी झांसी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उन्होंने 22 नवंबर 2018 को खसरा संख्या 648 में पंजीकृत बैनामे के माध्यम से दो प्लॉट खरीदे थे।

पीड़ितों का आरोप है कि एक व्यक्ति अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और उनके मुख्य रास्ते पर जबरन गेट लगाकर ताला जड़ दिया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई तथा दोबारा जमीन पर आने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने 30 जुलाई 2026 को थाना कोतवाली वृंदावन में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने एसएसपी मथुरा से मामले में मुकदमा दर्ज कराने, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

फिलहाल मामले में पुलिस का पक्ष सामने नहीं आया है। शिकायत के आधार पर आगे की जांच और विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Previous News

बसपा विधायक उमाशंकर सिंह को नम आंखों से अंतिम विदाई, अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

Next News

आगरा के बल्केश्वर महादेव की 44 किमी की शिव परिक्रमा, बल्केश्वर महादेव मेले की तैयारियां पूरी