वृंदावन। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले का रहने वाला एक छात्र वृंदावन में संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। छात्र यहां संस्कृत की पढ़ाई कर रहा था। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन परेशान हैं। परिजनों ने एसएसपी मथुरा से विशेष पुलिस टीम गठित कर छात्र की जल्द तलाश कराने की मांग की है।
मुरैना जिले के ग्राम बिचोला निवासी दिलीप शर्मा ने बताया कि उनका भतीजा नैतिक शर्मा वृंदावन स्थित 'माँ आनन्द सरस्वती याज्ञवल्क्य संस्कृत वेद विद्यालय' में अध्ययन करता है। परिजनों के मुताबिक, बीती 28 जुलाई की दोपहर नैतिक विद्यालय परिसर से अचानक लापता हो गया।
नैतिक के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की। आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर खोजबीन के बावजूद जब कोई जानकारी नहीं मिली तो 30 जुलाई को थाना कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
लापता छात्र की तलाश के लिए परिजनों ने जगह-जगह पोस्टर भी लगवाए हैं। साथ ही नैतिक के बारे में सही जानकारी देने वाले को इनाम देने की घोषणा भी की गई है। इसके बावजूद अब तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल पाने से परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।