मंगलवार तड़के ब्रज नगरी मथुरा में हुई झमाझम बारिश ने जहां मौसम को सुहावना कर दिया, वहीं शहर के कई इलाकों में जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। सड़कों पर पानी भरने के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। सबसे ज्यादा परेशानी नया बस स्टैंड पुल के नीचे देखने को मिली, जहां जलभराव के बीच एक रोडवेज बस खराब हो गई और देखते ही देखते लंबा जाम लग गया।
नया बस स्टैंड पुल के नीचे बारिश का पानी अधिक भर जाने के कारण रोडवेज की बस बीच रास्ते में ही खराब होकर खड़ी हो गई। बस के सड़क पर फंसने के कारण वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ और कुछ ही देर में दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जाम का असर भूतेश्वर से नया बस स्टैंड और नया बस स्टैंड से स्टेट बैंक चौराहे तक देखने को मिला। सड़क पर कार, ई-रिक्शा, ऑटो और अन्य वाहन कतारों में फंसे रहे। सुबह का समय होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी नौकरी और अपने प्रतिष्ठानों पर जाने वाले लोगों को उठानी पड़ी। कई लोग काफी देर तक जाम में फंसे रहे।
एक तरफ सड़क पर जमा बारिश का पानी और दूसरी तरफ बीच रास्ते में खराब हुई रोडवेज बस ने यातायात व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। वाहन चालक जाम से निकलने के लिए रास्ता तलाशते नजर आए, लेकिन वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण स्थिति सामान्य होने में काफी समय लगा।
रोडवेज कर्मचारियों ने बस को निकालने का प्रयास किया, लेकिन जलभराव के बीच बस को हटाना आसान नहीं था। इसके बाद जेसीबी मशीन को मौके पर बुलाया गया। कर्मचारियों ने जेसीबी की मदद से काफी मशक्कत के बाद खराब रोडवेज बस को पानी और सड़क के बीच से बाहर निकलवाया।
बस हटाए जाने के बाद धीरे-धीरे वाहनों का आवागमन शुरू हुआ और घंटों से जाम में फंसे लोगों को राहत मिली। हालांकि मंगलवार सुबह हुई बारिश के बाद नया बस स्टैंड पुल के नीचे बने जलभराव ने एक बार फिर शहर की यातायात और जल निकासी व्यवस्था की परेशानी को सामने ला दिया।