मथुरा-वृंदावन नगर निगम की नवागत अपर नगर आयुक्त सुनीता कुमारी ने अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने धार्मिक नगरी की स्वच्छता और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
अपर नगर आयुक्त सुनीता कुमारी ने कहा कि मथुरा-वृंदावन विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में नगर निगम की जिम्मेदारी है कि श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय नागरिकों को भी स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि शहर में नियमित साफ-सफाई, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, नालियों की सफाई, सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत सहित विकास से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
सुनीता कुमारी ने कहा कि मथुरा-वृंदावन जैसी धार्मिक नगरी में सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। शासन और उच्च अधिकारियों के निर्देशों का पालन करते हुए पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की पूरी टीम के साथ बेहतर समन्वय बनाकर जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि मथुरा-वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिल सकें।