Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 01 Aug 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
जैन समाज के आचार्य सुरत्न सागराचार्य का भव्य शोभायात्रा के साथ मंगल प्रवेश, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने किया स्वागत

मथुरा। जैन समाज के परम पूज्य आचार्य श्री 108 सुरत्न सागराचार्य जी महाराज के चातुर्मास को लेकर शनिवार को मथुरा में भव्य मंगल प्रवेश हुआ। इस अवसर पर मंडी चौराहा पर सैकड़ों की संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु और अनुयायी एकत्रित हुए और आचार्य श्री का श्रद्धा एवं उत्साह के साथ स्वागत किया।

मंगल प्रवेश के अवसर पर मंडी चौराहा से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शोभायात्रा मंडी चौराहा से प्रारंभ होकर सिख रोड, कृष्णा नगर बिजलीघर और कृष्णा नगर बाजार से होते हुए दिगंबर जैन मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने भक्ति और उल्लास के साथ आचार्य श्री का अभिनंदन किया।

शोभायात्रा में धर्मध्वज, स्काउट बैंड, श्रवण ज्ञान भारती बैंड और भजन मंडलियों की मनमोहक प्रस्तुतियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शोभायात्रा में शामिल हुए, जिससे पूरा वातावरण धर्ममय और भक्तिमय नजर आया।

मंगल प्रवेश के बाद श्री दिगंबर जैन चौसाठी मंदिर में महाअभिषेक का आयोजन किया गया। इसमें जैन समाज के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

आयोजकों ने बताया कि आचार्य श्री 108 सुरत्न सागराचार्य जी महाराज का चातुर्मास मंगल प्रवेश संपन्न हुआ है। आचार्य श्री चार माह तक मथुरा में प्रवास करेंगे और इस अवधि के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

रिपोर्ट: राजेश सोलंकी

Previous News

गोवर्धन के पाडल में ब्राह्मण समाज का राष्ट्रीय सम्मेलन, सुंदरकांड पाठ के साथ एकता और संगठन का लिया संकल्प गोवर्धन।

Next News

सावन को लेकर मथुरा प्रशासन अलर्ट, कांवड़ यात्रा की तैयारियों की DM-SSP ने की समीक्षा