मथुरा की गोवर्धन थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी बबलू (22 वर्ष) पुत्र विनोद को सोरन गैस एजेंसी के सामने टिर्री मार्ग के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद हुआ, जिसके आधार पर थाना गोवर्धन में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी कोई नया अपराधी नहीं है, बल्कि उसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ चोरी, चोरी का माल रखने, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम समेत कई गंभीर मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2023 से अब तक उसके खिलाफ छाता और गोवर्धन थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हो चुके हैं।
यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार मिश्र के नेतृत्व में उपनिरीक्षक शीलचंद्र गौतम और हेड कांस्टेबल प्रभाकर की टीम ने की। पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध हथियार रखने वालों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।