मथुरा के थाना जैंत क्षेत्र स्थित वृंदावन मार्ग पर धोरेरा इलाके में एक 18 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना के बाद युवक की हालत बिगड़ने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। उसे पहले उपचार के लिए 100 शैया संयुक्त चिकित्सालय वृंदावन ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे महर्षि दयानंद सरस्वती जिला अस्पताल, मथुरा रेफर कर दिया।
परिजनों के अनुसार, घायल युवक की पहचान छोटू पुत्र गोविंद, निवासी मऊरानीपुर, झांसी के रूप में हुई है, जो वर्तमान में वृंदावन मार्ग स्थित धोरेरा के पास रहकर मजदूरी करता है। युवक की बहन भारती ने बताया कि बीती रात अज्ञात कारणों के चलते छोटू ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने समय रहते उपचार शुरू कर युवक की जान बचा ली। फिलहाल उसका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और विषाक्त पदार्थ सेवन के कारणों की जांच की जा रही है।