मथुरा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में बिना नंबर वाले जुगाड़ ई-रिक्शों में क्षमता से दोगुनी सवारियां बैठाकर और लटकाकर सड़क पर दौड़ाया जा रहा है। एक वीडियो में 4 से 5 यात्रियों की क्षमता वाले ई-रिक्शे में 9 श्रद्धालुओं को ठूंस-ठूंसकर बैठाया गया है, जबकि कई यात्री वाहन के बाहर लटककर सफर कर रहे हैं। इतना ही नहीं, चालक खुद भी ई-रिक्शे के किनारे लटककर वाहन चलाता दिखाई दे रहा है। यह वीडियो छावनी रेलवे स्टेशन से टैंक चौराहे की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग का बताया जा रहा है।
वहीं दूसरे वायरल वीडियो में द्वारकाधीश मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं को ई-रिक्शे के अंदर जगह न मिलने पर छत पर बैठाकर ले जाया जा रहा है। भीड़भाड़ वाले मार्गों पर इस तरह ओवरलोडिंग कर दौड़ रहे जुगाड़ वाहन किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इन वाहनों पर न तो कोई नंबर प्लेट दिखाई दे रही है और न ही सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया है। एसपी ट्रैफिक ने लापरवाह चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और ऐसे वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की बात कही है।