Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 30 Jul 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
प्रेमिका की शादी में गया युवक 10 दिन बाद नाले में मिला मृत, हत्या का आरोप; पुलिस जांच में जुटी

आगरा के शास्त्रीपुरम में एक युवक का शव नाले में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक 22 जुलाई को अपनी प्रेमिका की शादी में जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अब 10 दिन बाद उसका शव मिलने के बाद परिजनों ने प्रेमिका के परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र के शास्त्रीपुरम में मंगलवार को 26 वर्षीय सोनू चौधरी का शव एक नाले में मिला। शव की पहचान कैलाश मोड़, महादेव नगर निवासी सोनू चौधरी के रूप में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों के मुताबिक, सोनू का मथुरा के गोवर्धन निवासी एक युवती से पिछले छह वर्षों से प्रेम संबंध था। 22 जुलाई को युवती की शादी थी। सोनू उसी शादी में जाने की बात कहकर अपने दोस्त के घर से निकला था, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और वह लापता हो गया। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।

मृतक के भाई का आरोप है कि युवती के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे। उनका दावा है कि दोनों की सगाई भी हो चुकी थी और परिवार की ओर से चार लाख रुपये का सोना भी चढ़ाया गया था। परिजनों का कहना है कि सोनू आत्महत्या नहीं कर सकता, उसकी रास्ते में घेरकर हत्या की गई और शव नाले में फेंक दिया गया।

डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस ने परिजनों से तहरीर मांगी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Previous News

'मैं जिंदा हूं...' अंतिम संस्कार से पहले 'मृत' महिला में लौटी सांस, आगरा का मामला बना चर्चा का विषय

Next News

एत्मादपुर हादसे पर बेटे का बड़ा आरोप, बोला- पुलिस ने नहीं पकड़ा होता तो मां आज जिंदा होती